शहर में पांच गेस्टहाउसों को छोड़कर किसी में भी पार्किंग न होने से विकराल हो रही समस्या
फुटपाथ से सड़क तक बेतरतीबी ढंग से खड़े होते हैं वाहन, रुकता है यातायात
शनिवार रात सात से 11 बजे तक रेंगा शहर का यातायात, यातायात पुलिस पसीना-पसीना
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। देवत्थानी एकादशी से शुरू हुई तेज सहालग ने पहले से बेपटरी शहर की यातायात व्यवस्था का पूरी तरह से बंटाधार कर दिया है। बीच सड़क बरातियों का नाच-गाना और गेस्ट हाउसों के बाहर वाहनों की पार्किंग से हर दिन घंटों जाम लग रहा है। हाल यह है कि शाम से देर रात तक पूरा शहर जाम में जकड़ जाता है।
शनिवार रात हालात इस कदर बिगड़े की पुलिस को यातायात के सुचारू संचालन के लिए अनाउंसमेंट सिस्टम का सहारा लेना पड़ा। गेस्ट हाउसों के बाहर वाहनों के जमावड़े से हरदोई बाइपास मार्ग पर जाम लगा तो भारी वाहनों को शहर के बड़ा चौराहा से कचहरी पुल निकालना पड़ा। रात 11 बजे तक शहर में यातायात रेंगता रहा।
23 नवंबर से बजनी शुरू हुई शादियों की शहनाई ने जाम से शहरियों को बेहाल कर दिया है। इसमें सबसे बड़ी लापरवाही गेस्ट हाउस संचालकों की है। शहर में छोटे-बड़े 27 गेस्ट हाउस हैं, लेकिन केवल पांच ही ऐसे हैं जिनमें वाहन पार्किंग की व्यवस्था है। अन्य में फुटपाथ और सड़क पर ही वाहनों की पार्किंग होती है। शाम होते ही यातायात रेंगने लगता है।
शनिवार रात हरदोई बाइपास मार्ग पर मोहल्ला दरोगाबाग में गेस्ट हाउस के बाहर वाहनों की पार्किंग से हरदोई की ओर से आने-जाने वाले वाहन जाम में उलझ गए। शाम सात बजे से रेंगना शुरू हुआ यातायात रात आठ बजे भीषण जाम में बदल गया। हरदोई मार्ग से आवास विकास कालोनी हाईवे बाइपास तक पांच किमी लंबा जाम लग गया।
इस पर सक्रिय हुई यातायात पुलिस को जाम खुलवाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। हरदोई मार्ग पुल पर यातायात पुलिस ने अनाउंसमेंट करा रूट डायवर्जन करते हुए हरदोई की ओर जाने वाले ट्रक, डंपर व अन्य हल्के और भारी वाहनों को शहर के भीतर से बड़ा चौराहा होते हुए कचहरी पुल से हरदोई मार्ग भेजा। इससे शहर के दोनों पुलों पर लंबा जाम रहा।
यही हाल शहर के शाहगंज, तकीनगर, मोती नगर, एबी नगर, आदर्श नगर आदि स्थानों पर स्थित गेस्ट हाउस का रहा। जाम खुलवाने और यातायात सामान्य बनाने के लिए यातायात पुलिस को घंटों पसीना बहाना पड़ा।
जिम्मेदार बोले
- सिटी मजिस्ट्रेट अरुण मणि त्रिपाठी ने बताया कि जिन गेस्ट हाउस में वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, उन्हें तत्काल कोई इंतजाम करने के लिए कहा जाएगा। ऐसा न करने वाले गेस्टहाउस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- यातायात प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि गेस्ट हाउस के सामने सड़क पर पार्किंग होने से जाम की समस्या होती है। गेस्ट हाउस संचालकों को नोटिस देकर वाहन पार्किंग की व्यवस्था करने, कर्मचारी लगाकर वाहनों को सुव्यवस्थित तरीके से खड़ा कराने के लिए कहा जाएगा।