उन्नाव। बैंक में पंजीकृत मोबाइल नंबर को दोबार चालू कर यूपीआई के जरिए धोखे से पार किए गए 1.35 लाख रुपये पुलिस की साइबर टीम ने पीड़िता के खाते में वापस कराए हैं।
सदर कोतवाली के सिंगरोसी निवासी सलोनी कुशवाहा ने 25 जून को साइबर सेल में प्रार्थना पत्र दिया था। बताया था कि बैंक में पंजीकृत मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर उसका यूपीआई बनाकर 1.35 लाख रुपये धोखाधड़ी कर निकाल लिए गए। साइबर क्राइम पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बैंक खाते को फ्रीज कर संबंधित बैंक को वित्तीय धोखाधड़ी की जानकारी देकर पीड़िता के खाते में पूरी धनराशि वापस कराई। निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा, मुख्य आरक्षी तरुण कुमार सिंह आदि जांच में शामिल रहे।