हाईवे पर सरिया व्यवसाई से दो लाख की लूट
ओवरटेक कर बाइक से गिराया, बैग छीनकर कानपुर की ओर भागे लुटेरे
दुकान बंद कर घरजा रहा था व्यवसाई, गदनखेड़ा बाईपास चौराहा के पास घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। दुकान बंद कर घर जा रहे व्यवसायी की बाइक को ओवरटेक बाइक सवार दो बदमाशों ने गिरा दिया। रुपयों वाला बैग छीन कर कानपुर की ओर भाग निकले। पीड़ित के मुताबिक बैग में दो लाख रुपये थे। पीड़ित के अनुसार करीब एक किमी तक पीछा भी किया। लेकिन पकड़ नहीं सका। सूचना पर सीओ और कोतवाल घटनास्थल पर पहुंचे। संदिग्ध बाइक सवारों की जांच की जा रही है।
एबीनगर मोहल्ला निवासी सुशील जायसवाल की लखनऊ-कानपुर हाईवे के गदनखेड़ा बाइपास चौराहा के पास सरिया की दुकान है। रोज की तरह रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद करके घर जा रहे थे। रुपयों वाला बैग बाइक में टंगा था। सुशील के अनुसार दुकान से कुछ चला था तभी पीछे से आए बाइक सवार दो लुटेरों ने कट मारकर बाइक गिरा दी और हैंडल में टंगा रुपयों वाला बैग छीनकर हाईवे से कानपुर की ओर भाग निकले। पीड़ित व्यापारी के अनुसार करीब एक किमी तक उन्होंने बाइक सवार लुटेरों का पीछा भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी अपने एक परिचित के साथ ही पुलिस को दी। सीओ सिटी आशुतोष कुमार और कोतवाल अश्वनी मिश्र पहुंचे और जांच की। सीओ ने बताया कि घटना करीब 8:30 बजे हुई, लेकिन पीड़ित ने सूचना काफी देर बाद दी। इस दौरान लुटेरों को भागने का पूरा समय मिल गया। सीसीटी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। व्यापारी ने रेकी के बाद घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई है।