पुरवा। सीएचसी में लगी एक्सरे मशीन ठीक होने के दूसरे ही दिन फिर खराब हो गई।। मालूम हो कि 28 दिन से मशीन खराब होने से एक्सरे नहीं हो पा रहे थे। मंगलवार को मरम्मत के बाद मशीन चालू हुई लेकिन बुधवार को जैसे ही एक्सरे के लिए मशीन को चालू किया गया वह नहीं चली। इससे एक्सरे नहीं हो पाए।
मालूम हो कि 28 दिनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे जांच बाधित थी। मशीन का सीपीयू खराब होने से जांच नहीं हो पा रही थी। इससे गंभीर मरीज निजी पैथोलॉजी में जांच करा रहे थे। मंगलवार को इंजीनियर ने मशीन की मरम्मत कर चालू कर दिया और चेक करने के बाद चला गया लेकिन बुधवार सुबह जैसे ही मशीन को चालू किया गया वह फिर खराब हो गई। इससे जांच के लिए पहुंचे 14 मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा, कुछ ने निजी पैथोलॉजी में जांच कराई। सीएचसी प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि एक्सरे मशीन काफी पुरानी है। इससे आए दिन तकनीकी खराबी आ जाती है। नई मशीन के लिए कई बार पत्राचार किया गया लेकिन अभी उपलब्ध नहीं हो सकी।
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में डिजिटल एक्सरे सेवा संचालित हैं। मंगलवार को साफ्टवेयर में खराबी आ गई। इससे मरीजों के एक्सरे नहीं हो सके। मरम्मत के बाद बुधवार को एक्सरे शुरू हुए लेकिन कुछ घंटे बाद फिर दिक्कत आ गई। इससे करीब एक घंटे जांच बाधित रही। एक्सरे टेक्नीशियन ने इंजीनियर की वर्चुअल मदद से सॉफ्टवेयर की दिक्क्कत दूर की। जिसके बाद जांच शुरू हुई। एक्सरे टेक्नीशियन वीरेंद्र ने बताया कि सॉफ्टवेयर ठीक से काम नहीं कर रहा है। रुक-रुक कर एक्सरे हुए, इंजीनियर को सूचना दी गई है।