हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के समदपुर भावा गांव में चोरों ने बंद मकान को निशाना बना नगदी-जेवर समेत छह लाख का माल पार कर दिया। घटना के वक्त परिवार के लोग एक शादी समारोह में शामिल होने लखनऊ गए थे। वापस लौटने पर ताले टूटे देख पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के समदपुर भावा गांव निवासी योगेश कनौजिया मुंबई में रहकर लांड्री में काम करता है। घर पर उसकी पत्नी रेखा बच्चों के साथ रहती है। बुधवार को रेखा घर में ताला बंदकर अन्य परिजनों के साथ लखनऊ में एक शादी समारोह में शामिल होने चली गई। घर सुनसान देख चोरों ने उसे निशाना बना डाला।
शुक्रवार शाम पांच बजे घर लौटी रेखा मेन दरवाजे समेत अन्य कमराें के टूटे ताले व अलमारी-बक्सों का सामान गायब देख दंग रह गई। उसने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि चोरों ने अलमारी में रखी 10 हजार की नगदी और जेवर समेत लगभग छह लाख का माल पार कर दिया। कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। शीघ्र घटना का खुलासा किया जाएगा।