सरेबाजार हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे व्यापारिक जगत में भारी आक्रोश और हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में पीड़ित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी आंखों का उपचार चल रहा है।
हेलमेट लगाकर सामान खरीदने आया था शातिर लुटेरा
सदर कोतवाली क्षेत्र के जगन्नाथ गंज मोहल्ला निवासी दीपचंद्र गुप्ता की शहर के मुख्य चौराहे पर अताउल्ला नाला के पास बिजली के उपकरणों की दुकान है। सोमवार की रात करीब नौ बजे वह अपनी दुकान बढ़ाने (बंद करने) की तैयारी कर रहे थे।
दुकान बढ़ाने से पहले वह काउंटर पर बैठकर दिनभर की बिक्री के रुपये गिन रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर एक अज्ञात युवक आया, जो चेहरे पर हेलमेट लगाए हुए था। बदमाश ने दुकान के आगे बाइक रोकी और ग्राहक बनकर दीपचंद्र से हाथ घड़ी का पट्टा दिखाने की मांग की।
डिब्बा उठाने के लिए घूमे व्यापारी, आंखों में झोंक दी मिर्च
व्यापारी दीपचंद्र गुप्ता जैसे ही ग्राहक को सामान दिखाने के लिए पीछे काउंटर की तरफ घूमे, हेलमेट लगाए बदमाश ने जेब से निकाला हुआ तीखा लाल मिर्च का पाउडर सीधे उनकी आंखों में झोंक दिया। मिर्च आंखों में जाते ही दीपचंद्र तीव्र जलन से छटपटा उठे और उन्हें दिखना बंद हो गया।
इसी का फायदा उठाकर शातिर लुटेरे ने पलक झपकते ही काउंटर पर रखे 10 हजार रुपये कैश और उनका मोबाइल फोन उठा लिया। पीड़ित ने जब शोर मचाया, तो बदमाश अपनी बाइक से लोकनगर की तरफ तेजी से भाग निकला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के तमाम दुकानदार और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
व्यापारी नेताओं ने सुरक्षा पर उठाए सवाल
सरेआम मुख्य चौराहे के पास हुई इस वारदात की खबर जंगल की आग की तरह शहर में फैल गई। जानकारी मिलते ही स्थानीय व्यापारी नेता अखिलेश अवस्थी सहित भारी संख्या में उद्योगपति और व्यापारी कलेक्ट्रेट और जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शहर की चुस्त-दुरुस्त सुरक्षा व्यवस्था के दावों पर कड़े सवाल उठाए और पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की।