कुसुंभी गांव में स्थित पौराणिक कुशेहरी देवी मंदिर जाने वाला मार्ग गड्ढोें में तब्दील हो चुका है। नवरात्र में भारी भीड़ होने के बाद भी मार्गों की मरम्मत नहीं हुई। मंदिर जाने के लिए लोगों को हिचकोले खाना पड़ रहा है। इस मार्ग की यह स्थिति तब है जब कुछ दिन पहले डीएम सुरेंद्र सिंह ने पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन को इस मार्ग की पैचिंग कराने के निर्देश दिए थे।
मालूम हो कि शारदीय नवरात्र के चलते कुसुंभी गांव में लवकुश द्वारा स्थापित पौराणिक कुशेहरी देवी के दर्शन के लिए रोजाना सैकड़ों की संख्या में दर्शनार्थी पहुंच रहे हैं लेकिन मंदिर जाने वाला तीन किमी. लंबा मार्ग पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुका है। 27 सितंबर को विधायक राधेलाल रावत के साथ नवाबगंज कस्बा निवासी शिशिर द्विवेदी, अंशुल द्विवेदी, पप्पन त्रिपाठी व आलोक सिंह ने जिलाधिकारी को समस्या से अवगत कराया था कि लोक निर्माण विभाग गड्ढों में मिट्टी डलवाकर बराबर करा रहा है। शिकायत को जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को फोन पर मार्ग की मजबूत पैचिंग करवाने के निर्देश दिए थे। इतना सब होने के बाद भी नवाबगंज कस्बे से लेकर मंदिर तक गई इस तीन किमी. सड़क पर गड्ढों को मिट्टी भरवा कर खानापूर्ति की जा रही है।