फोटो-6-राजेंद्र की मौत पर पोस्टमार्टम हाउस में बिलखते परिजन। संवाद
कानपुर-लखनऊ हाईवे पर जी-स्कूल के सामने रविवार सुबह घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर जी-स्कूल के सामने वाहन की टक्कर से बाइक सवार सेवानिवृत्त डाक कर्मी की मौत हो गई। वह अपने गांव से गदनखेड़ा में बने घर जा रहे थे। वह हेलमेट लगाए हुए थे। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला।
अचलगंज थानाक्षेत्र के उम्मेदखेड़ा निवासी राजेंद्र यादव (61) पुत्र स्व. दरबारीलाल डाक विभाग में लिपिक थे। एक साल पहले ही वह सेवानिवृत्त हो गए थे। बेटे अमन ने बताया कि पिता मौजूदा समय में ठेकेदारी प्रथा में कानपुर के पोस्टऑफिस में काम कर रहे थे। उनका एक घर गदनखेड़ा में भी बना हुआ है।
पिता रविवार सुबह बाइक से गांव वाले घर से गदनखेड़ा आ रहे थे। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर शेरअलीखेड़ा गांव के पास जी-स्कूल के सामने वाहन की टक्कर से वह गंभीर घायल हो गए। पीआरवी ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पति की मौत से पत्नी किरन और तीन बच्चों में एक लड़का, तीन लड़कियां बेहाल हैं। सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि हाईवे पर वाहन की टक्कर से वृद्ध की मौत हुई थी, पोस्टमार्टम करा दिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।