कोरोना से सेवानिवृत्त आयुर्वेदिक डॉक्टर की मौत
सफीपुर के बैंक के शाखा प्रबंधक सहित 59 संक्रमित, संक्रमितों में पांच सिपाही भी
सबसे अधिक शुक्लागंज में मिले 32 संक्रमित
डॉक्टर का लखनऊ केजीएमयू में चल रहा था इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। कोरोना संक्रमित सेवानिवृत्त आयुर्वेदिक डॉक्टर की लखनऊ के मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, सफीपुर कस्बे में बैंक के शाखा प्रबंधक, पांच सिपाही सहित 59 लोगों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। संक्रमितों को बिछिया, औरास व श्रीराम मूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एक दिन में मिले कोरोना संक्रमितों की यह अबतक की सबसे अधिक संख्या है।
हसनगंज तहसील के ब्लॉक नवाबगंज कस्बे के मोहल्ला दुर्गागंज निवासी 70 वर्षीय सेवानिवृत्त आयुर्वेदिक डॉक्टर को बुखार व सांस लेने में तकलीफ होने पर परिजनों ने उन्हें लखनऊ के मेडिकल कालेज (केजीएमयू) में भर्ती कराया गया था। बुधवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, जिले में एंटीजन रैपिड किट से हुई जांच में सदर तहसील के गिरजाबाग निवासी 40 वर्षीय युवक, पीडी नगर में 28 व 29 वर्षीय दो युवक, सिविल लाइन में 35 वर्षीय महिला, सदर कोतवाली में तैनात 3 सिपाही, पुलिस लाइन में तैनात 1 सिपाही, अचलगंज कस्बा निवासी एक क्लीनिक के डॉक्टर व उनकी पत्नी, शहर के आदर्श नगर मोहल्ला निवासी 35 व 40 वर्षीय दो युवक, इंद्रा नगर में 32 वर्षीय महिला, पुरवा कोतवाली में तैनात एक महिला सिपाही, पाटन चौकी में तैनात एक सिपाही, सफीपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंधक, हसनगंज तहसील के अकबरी गेट मोहल्ला निवासी वर्षीय युवक, बीघापुर तहसील के संदोही नगर में 45 वर्षीय युवक, मियागंज में 28 वर्षीय युवक, बिछिया में 22, 25, 32 व 34 साल के चार युवक, अचलंगज का 22 वर्षीय युवक, कांशीराम कालोनी में 28 व 33 साल के दो युवक, ट्रूनेट मशीन से जांच में एबी नगर निवासी 28 वर्षीय युवक व शुक्लागंज के अलग-अलग मोहल्लों में 32 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि कोरोना से सेवानिवृत्त आयुर्वेदिक डॉक्टर की मौत हुई है। वहीं, 59 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें 7 लोगाें को होम आइसोलेट कराया गया है। अन्य 52 संक्रमितों को औरास, बिछिया और श्रीराममूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज में बनाए गए कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिले में अब तक 996 संक्रमित
जिले में अब तक 996 संक्रमित मिल चुके हैं। स्वस्थ होने पर 308 को घर भेजा जा चुका है। 666 का इलाज चल रहा है। इसमें 22 की मौत हो चुकी है। संक्रमितों में 78 प्रवासी हैं।
--
शाखा प्रबंधक पॉजिटिव, 6 दिन बंद रहेगी बैंक
सफीपुर कस्बे में संचालित बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक की रिपोर्ट संक्रमित आने के बाद बैंक को सैनिटाइज कर छह दिन के लिए बंद कर दिया गया है। इस बैंक में काम करने वाले छह और कर्मचारियों की शुक्रवार को जांच कराई जाएगी।
--
संदोही नगर को हॉटस्पॉट किया गया घोषित
बीघापुर स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज पांडेय ने बताया कि संदोही नगर मोहल्ले में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद 250 मीटर एरिया को हॉटस्पॉट क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। ईओ राजेश दुबे ने बताया कि मोहल्ले के तीन रास्ते में बैरिकेडिंग कर आने-जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है। सैनिटाइजेशन भी कराया गया है।
जिले में अब तक एक दिन में सर्वाधिक संक्रमित मिले
जिले में अब तक आई संक्रमितों की संख्या में सबसे अधिक 59 संक्रमित गुरुवार को मिले हैं। संक्रमितों का लगातार बढ़ रहा ग्राफ आम जनमानस के साथ स्वास्थ्य विभाग के लिए भी चिंता का विषय बनता जा रहा है। इससे स्वास्थ्य अधिकारी भी परेशान हैं।