फोटो-8-समीक्षा बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारी व कर्मचारी। स्रोत: पुलिस
उन्नाव। पुलिस लाइन सभागार में अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने लंबित विवेचनाओं की लंबी फेहरिस्त पर नाराजगी जताई। निर्देश दिए कि विवेचाओं का समय से निस्तारण करें ताकि न्यायालय स्तर पर लंबित मुकदमों की प्रक्रिया आगे बढ़ सके। उन्होंने घटनाओं के ई-साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए कहा। जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं और उनके खुलासे में देरी पर भी नाराजगी जताई।
एसपी जयप्रकाश सिंह ने अपराध गोष्ठी के दौरान थानों पर पंजीकृत मामलों की समीक्षा की। गंभीर अपराधों के लंबित मामलों को गुण-दोष के आधार पर जल्द से जल्द निस्तारण करने साथ ही वांछितों की गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। सीओ और एसओ को निर्देश दिए कि महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। कहा कि शातिर अपराधियों को चिह्नित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलें और गुंडाएक्ट लगाने के साथ उन्हें जिलाबदर किया जाए। साथ ही माफियाओं पर गैंगस्टर और एनएसए के तहत कार्रवाई की जाए।
अवैध शराब, शस्त्र, जुआ और मादक पदार्थ जैसे अवैध कामों के खिलाफ रोजाना अभियान चलाकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। गंभीर अपराधों, पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म के मामलों में प्रभावी पैरवी कर अभियुक्तों को अधिक से अधिक सजा दिलाई जाए। एसपी ने भीड़ और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी गश्त एवं सतर्क निगरानी के निर्देश दिए। एसओ से आईजीआरएस के आवेदकों से खुद वार्ता कर फीडबैक लेने के साथ ही पीआरवी वाहनों की रैंडम चेकिंग कर सतर्कता का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। यहां एएसपी अखिलेश सिंह, सभी सर्किल के सीओ, एसओ और विवेचक मौजूद रहे।