गणतंत्र दिवस पर किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस खासी सतर्क रही। रविवार शाम को शहर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस के सीनियर अफसर मौजूद रहे। पुलिस ने होटल-ढाबों और शराब की दुकानों में चेकिंग की और संदिग्धों की तलाशी ली।
मंगलवार को गणतंत्र दिवस 26 जनवरी धूमधाम और पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए रविवार को पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया।
उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में कोतवाली पुलिस ने आवास विकास बाईपास तिराहा पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों के अलावा संदिग्ध दिखने वाले भार वाहनों की तलाशी ली। हालांकि तीन घंटे चली इस चेकिंग में पुलिस को किसी वाहन में कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।
शाम को सदर कोतवाली प्रभारी प्रदीप यादव ने पुलिस चौकी इंचार्जों और यातायात प्रभारी तथा क्यूआरटी के साथ शहर के रेस्टोरेंट, होटल और हाईवे स्थित ढाबे चेक किए। इसके अलावा प्रमुख बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर खासी सतर्कता देखी गई। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।