बांगरमऊ(उन्नाव)। दूसरे प्रांतों से लौटने पर क्वारंटीन सेंटर में रोके गए तीस लोग वहां से भाग गए। ग्राम विकास अधिकारी ने बांगरमऊ कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बांगरमऊ ब्लॉक के ग्राम विकास अधिकारी ने वेदप्रकाश अगिभनहोत्री ने बांगरमऊ कोतवाली में तहरीर दी कि ग्राम पंचायत जगतनगर, सिंधूपुर व मदारनगर में कुछ दिन पहले दिल्ली समेत अन्य प्रांतों व जनपदों से आए 30 लोगों को गांव के ही प्राथमिक विद्यालयों में बनाए गए क्वारंटीन सेंटरों में रखा गया था। यह सभी लोग समयावधि पूरी होने से पहले ही बिना सूचना क्वारंटीन सेंटर से घर भाग गए हैं। इससे पूरे गांव में संक्रमण का खतरा हो सकता है।
बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी की तहरीर पर तीस लोगों पर धारा 188 व 269 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें सिंधूपुर बेरियागाड़ा के 17, जगतनगर के 8 और मदारनगर के 5 लोगों के नाम हैं।