उन्नाव। लॉकडाउन के बाद भी एक से दूसरी जगह पर घूमने और इस कृत्य से संक्रमण फैलने की जानकारी के बावजूद एकत्र होने व लापरवाही बरतने पर पुलिस ने कोरोना संक्रमित जमाती सहित 13 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित को पनाह देने वाले दोस्त और उसके पिता व बहन भी नामजद किया है। सभी पर धारा (188) व संक्रमण फैलने की जानकारी के बाद भी एक जगह पर इकट्ठा होने की धारा 269 व 270 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली प्रभारी दिनेशचंद्र मिश्र की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित जमाती, उसे अपने घर शहर के मोहल्ला शेखवाड़ा में शरण देने वाले दोस्त, दोस्त के पिता व बहन के अलावा जमाती के अन्य नौ साथियों को नामजद किया गया है। कोतवाल ने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन, कई लोगों के मस्जिद में एकत्र होने और जमाती के रूप में एक साथ रहने व कोरोना वायरस को जनता में फैलाने का प्रयास करने की रिपोर्ट दर्ज की है।