अचलगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत के बीच एक लेन में डामर की परत बिछाने का काम पूरा होने के बाद बृहस्पतिवार को इसे यातायात के लिए खोल दिया गया। इससे पुल के हिस्से में वाहनों की आवाजाही कुछ सुगम हुई है। हालांकि पुल से पहले डायवर्जन पॉइंट पर यातायात का दबाव कम नहीं हुआ।
तीन लेन में चलने वाले वाहनों के एक लेन में आने से बार-बार लंबा जाम लग रहा। बृहस्पतिवार को भी डायवर्जन पॉइंट पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। पहले निकलने की होड़ में वाहन आड़े-तिरछे खड़े हो गए जिससे यातायात व्यवस्था उलझती रही। सुबह वाहनों का दबाव कम होने से यातायात सामान्य रहता है लेकिन दोपहर बाद वाहनों की संख्या बढ़ते ही जाम लगने लगता है। आजाद मार्ग चौराहे से आगे दो-तीन लेन में चलने वाले वाहनों को पुल से पहले एक लेन में आना पड़ता है। इसी वजह से वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
पुल की मरम्मत के कारण रोजाना औसतन 20 हजार लोग उन्नाव से कानपुर जाने वाली लेन पर जाम से जूझ रहे हैं। सहालग के चलते पिछले छह दिनों से शाम छह से रात 12 बजे तक वाहन रेंगकर निकल रहे हैं। 12 सितंबर से शुरू हुआ मरम्मत कार्य 13 दिसंबर तक पूरा होना है। इसके तहत पुल के 36 स्पॉन के 76 बेयरिंग बदलने के साथ स्लैब, पिलर, एप्रोच रोड और पुल पर नई सड़क बनाई जा रही है। आधी लेन में सड़क बनने से कुछ राहत जरूर मिली लेकिन डायवर्जन पर जाम की समस्या बरकरार है।
जाम की समस्या को देखते हुए शाम को जल्दी ही काम बंद कर दिया जा रहा है। आधी लेन का काम पूरा होने के बाद से यातायात में काफी राहत है। मरम्मत के लिए 13 दिसंबर तक भारी वाहनों का डायवर्जन लिया गया है। प्रयास है कि इससे पहले ही काम पूरा हो जाए। -सुधीर नैथानी, प्रोजेक्ट मैनेजर, एनएचएआई