फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

15 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज

Wed, 01 Feb 2017 11:27 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, उन्नाव
विज्ञापन
कलक्ट्रेट गेट पर प्रत्याशी समर्थकों को बाहर रोकती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नामांकन पत्रों की जांच में बुधवार को 15 उम्मीदवारों के दाखिल किए गए पत्र खारिज कर दिए गए। इनमें किसी उम्मीदवार की उम्र 25 वर्ष से कम होने तो किसी के प्रस्तावक कम होने से रिटर्निंग आफीसर ने पत्र अस्वीकार कर दिया। इससे अब जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों कुल 65 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं।
विज्ञापन


बुधवार नामांकन पत्रों की जांच में बांगरमऊ विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय विकलांग पार्टी के उम्मीदवार तन्मय श्रीवास्तव की उम्र 25 वर्ष से कम होने के कारण उनका नामांकन पर्चा खारिज कर दिया गया। अब इस क्षेत्र से कुल 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं। सफीपुर सुरक्षित सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराने वाले सर्वेश कुमार पुत्र माधव की भी उम्र 22 साल होने से फार्म अस्वीकार कर दिया गया। यहां केवल आठ प्रत्याशी ही चुनाव लड़ेंगे।

मोहान सुरक्षित सीट दो प्रत्याशियों के नामांकन पर्चे खारिज किए गए। इन दोनों ने कई जरूरी कालम नहीं भरे थे। इसमें भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के धर्मराज गौतम और ओजस्वी पार्टी के श्यामलाल शामिल हैं। अब इस सीट से केवल नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सदर विधानसभा क्षेत्र से सबसे ज्यादा 9 उम्मीदवारों के नामांकन अलग-अलग कारणों से अस्वीकृत कर दिए गए।
विज्ञापन


जिनके नामांकन पर्चे खारिज हुए उनमें प्रगति मानव समाज पार्टी की रूकमिणी, निर्दलीय आशीष कुमार, बहुजन पार्टी के सियाराम कश्यप, निर्दलीय विनय कुमार शर्मा, भारतीय कल्याण पार्टी के अश्विनी कुमार, राष्ट्रीय लोकदल के रामबरन सिंह, इंडियन स्वराज समाज पार्टी के राजेश, निर्दलीय गोकुल प्रसाद शामिल हैं। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए दाखिल कोई भी पर्चा खारिज नहीं किया गया। यहां से सभी 12 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।

पुरवा विधानसभा क्षेत्र से नामांकन कराने वाले राष्ट्रीयक्रांति पार्टी के पुरूषोत्तम और बहुजन आवाम पार्टी के विजय कुमार का पर्चा खारिज हो गया है। पुरूषोत्तम के पत्र पर 10 के बजाय केवल चार प्रस्तावक के हस्ताक्षर हैं।

प्रशासन और कार्मिकों ने ली राहत
नामांकन खारिज होने से उन्नाव सदर और बांगरमऊ में ईवीएम में दो-दो बैलेट यूनिट लगाने का झंझट से खत्म होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। मालूम हो कि सदर विधानसभा में चुनाव में प्रत्याशियों की संख्या 21 होने से और बांगरमऊ में 16 उम्मीदवारों की ओर से पर्चे दाखिल होने से यहां भी नोटा का बटन दबाने की चाहत रखने वालों के लिए एक बैलेट यूनिट अलग से लगानी पड़ती।

लेकिन उन्नाव सदर सीट से 9 और बांगरमऊ से एक पर्चा खारिज हो जाने के बाद जिले की किसी भी विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम में एक ही बैलेट यूनिट से मतदान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। नामांकन पर्चे खारिज होने के बाद प्रशासन और चुनाव ड्यूटी में लगाए जाने वाले कार्मिकों ने राहत की सांस ली है। अगर नामांकन पर्चे खारिज न होते तो प्रशासन को सदर सीट के 372 और बांगरमऊ के 347 बूथों में प्रत्येक में एक-एक अतिरिक्त बैलेट यूनिट लगानी पड़ती।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें