उन्नाव। उपभोक्ताओं के नियम विपरीत किए गए बिल संशोधन की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अधीक्षण अभियंता ने एसडीओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और जिले से स्थानांतरण की संस्तुति की है। इसके लिए रैंडम तरीके पर संशोधित किए गए छह बिलों से तैयार किए गए आरोपपत्र को विभागीय उच्चाधिकारियों को भेजा है।
बंथर उपखंड कार्यालय से जुड़े मामले में अधीक्षण अभियंता योगेंद्र कुमार सिंह ने एसडीओ अरविंद कुमार के खिलाफ आरोपपत्र तैयार कराकर उसे मुख्य अभियंता, प्रबंध निदेशक सहित अन्य अधिकारियों को भेजा है। इसमें एक लाख से 50 हजार तक के संशोधित किए गए छह बड़े बिलों को आधार बनाया है। इसी आधार पर एसडीओ को जिले से हटाने और उन पर विभागीय स्तर पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की संस्तुति की है। अधीक्षण अभियंता का कहना है कि जांच टीम द्वारा दी गई रिपोर्ट में जिनकी भूमिका संदिग्ध बताई गई है, उन सभी पर कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।
-
यह है मामला
बंथर के एसडीओ अरविंद कुमार ने साइबर थाने में सिविल लाइन बंधूहार निवासी निजी चालक आशीष कुमार सहित एक अन्य अज्ञात पर सीसीबी (समायोजन उपभोक्ता अंशदान) आईडी को हैक करके 10 बिल में संशोधन के जरिए 18.73 लाख का सरकारी राजस्व का चूना कराने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अधीक्षण अभियंता ने ही टीम गठित करके जांच कराई है। एसडीओ ने जिस आशीष कुमार पर आईडी हैक करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है, वह उनका निजी चालक था।