औरास। कक्षा आठ में रैनबो की किताब में पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम को बारहवां राष्ट्रपति दिखाया गया है, जबकि वह देश के ग्यारहवें राष्ट्रपति थे। किताब को स्कूलों में पहुंचे एक माह से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन उसमें क्या त्रुटियां है, यह टीचर अभी तक नहीं पकड़ पाए और गलत जानकारी बच्चों को दे रहे हैं।
कक्षा आठ में बच्चों को पढ़ाई जा रही रैनबो अंग्रेजी की पुस्तक के पेज नंबर 51 पर पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम को बारहवां राष्ट्रपति दर्शाया गया है। इतना ही नहीं टवैल्थ की अंग्रेजी भी गलत लिखी हुई है, जबकि अब्दुल कलाम का कार्यकाल 25 जुलाई 2002 से वर्ष 2007 तक का था। वर्ष 2015-16 में यह किताबें मनोहर प्रिंटिंग प्रेस मथुरा प्रकाशक की ओर से भेजी गई हैं। जिले में इस समय 77,900 पुस्तकें इस प्रकाशक की आ चुकी हैं।
कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय औरास में बच्चों को पढ़ाते समय यह त्रुटि पकड़ में आई। इसी किताब के पेज नंबर 14 पर पाठ की जगह क्लास लिखा हुआ है। कक्षा में पढ़ा रहे गुरुजी ने बताया कि अभी मैं उस पन्ने तक पहुंचा ही नहीं था। इसलिए ध्यान नहीं दे पाया। बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह ने बताया कि इसकी डिटेल लेकर को लिखित शिकायत भेजी जाएगी।