औरास। थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की रात दुकान से दवा लेकर लौट रही कक्षा आठ की छात्रा से पड़ोसी ने शौचालय में रेप किया। घर पहुंची छात्रा ने मां को आपबीती बताई। रविवार सुबह पीड़ित बेटी को साथ लेकर थाने पहुंची मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने छात्रा को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
औरास थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी पंद्रह वर्षीय किशोरी शनिवार रात करीब नौ बजे पिता के लिए बीड़ी और दवा लेने गांव की एक दुकान गई थी। लौटते समय पड़ोस में रहने वाला युवक, किशोरी को मुंह दबाकर अपने घर के बाहर बने शौचालय में खींच ले गया। पीड़िता के मुताबिक युवक ने उसे जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। बेहाल हुई किशोरी किसी तरह अपने घर पहुंची और मां को आपबीती बताई।
रविवार सुबह मां पीड़ित बेटी को लेकर औरास थाने पहुंची और थानाध्यक्ष रणजीत सिंह भदौरिया को तहरीर देकर पड़ोस में रहने वाले युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता की मां के मुताबिक उसकी बेटी गांव में उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ती है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।