- सोनिक से गंगाघाट रेलवे स्टेशन के बीच 130 किलोमीटर की गति से दौड़ाया गया इंजन
- रेड सिग्नल के पांच सौ मीटर पहले ही आटोमैटिक तरीके से रुका इंजन
संवाद न्यूज एजेंसी
शुक्लागंज। रेलवे की ओर से टिकास योजना का गुरुवार को उन्नाव के सोनिक रेलवे स्टेशन से गंगाघाट रेलवे स्टेशन के बीच ट्रायल किया गया, जो सफल रहा। इस दौरान सिर्फ एक इंजन को सोनिक से गंगाघाट के बीच 130 किलोमीटर की गति से दौड़ाया गया। अचानक रेड सिग्नल कर दिया गया, जिस पर इंजन में लगी आटोमैटिक इमरजेंसी डिवाइस के माध्यम से इंजन सिग्नल के 500 मीटर पहले ही खड़ा हो गया।
ट्रायल ले रहे लखनऊ से आए डिप्टी सीएसटी रवीेंद्र कुमार चौधरी व टीआई अर्पित वर्मा ने बताया कि टिकास योजना यात्रियों की रेल सुरक्षा के मद्देनजर बनाई गई है। इसको लेकर काफी समय से काम चल रहा था। गुरुवार को उन्नाव से गंगाघाट रेलवे स्टेशन के बीच का ट्रायल लिया गया, जिसमें एक इंजन में लोको पायलट के साथ वह दोनों भी रहे इंजन को नॉन स्टाप 130 किलोमीटर की गति से दौड़ाया गया।
गंगाघाट रेलवे स्टेशन से पहले पड़ने वाले आउटर सिग्नल को अचानक ग्रीन से रेड कर दिया गया, इंजन में लगी टिकास डिवाइस के माध्यम से रेड सिग्नल की जानकारी होती है और बिना चालक की हरकत के इंजन स्वत: ही सिग्नल से पांच सौ मीटर पहले खड़ा हो जाता है। बताया कि यहां ट्रायल सफल रहा, साथ ही लखनऊ से कानपुर के बीच सभी रेलवे स्टेशनों में डिवाइस मीटर लगाए गए है इसके अलावा रेल रूटों के ओएचई एवं सिग्नल प्वाइंट पर भी स्माल आटो डिवाइस मीटर लगाए जा चुके है।