उन्नाव। जिला अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट छुट्टी पर हैं। इससे दो दिन से अल्ट्रासाउंड जांच बंद है। गंभीर मरीज निजी पैथोलॉजी में जांच कराने को मजबूर हैं। दो दिन में 174 मरीज बिना एक्सरे कराए लौटे।
वहीं, कुछ गंभीर मरीजों ने निजी पैथोलॉजी में जांच कराई।
जिला अस्पताल में इन दिनों संक्रामक रोगियों की भीड़ हो रही है। इनमें पेट दर्द व अन्य पेट से संबंधित बीमारियों के औसतन 200 मरीज पहुंच रहे हैं। ऐसे मरीजों को डॉक्टर अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दे रहे हैं लेकिन पैथोलॉजी में तैनात रेडियोलाॅजिस्ट एसके जौहरी दो दिन की छुट्टी पर हैं।
इससे अल्ट्रासाउंड जांच ठप है। मरीज जांच के लिए अल्ट्रासाउंड कक्ष पहुंचे रहे हैं लेकिन वहां ताला बंद देख मायूस होकर लौटते रहे। दो दिन में 174 मरीज लौटे, जबकि गंभीर रूप से बीमार लोगों ने मजबूरन निजी पैथोलॉजी में रुपये देकर जांच कराई।
सीएमएस डॉ.आरए मिर्जा ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट दो दिन की छुट्टी पर गए हैं। सोमवार को वापस आएंगे इसके बाद जांच शुरू होगी।
इन दिनों जिला अस्पताल में बुखार के औसतन 700 मरीज रोजाना पहुंचते हैं। डॉक्टर सभी को सीबीसी जांच लिख रहे हैं। शनिवार को अचानक सीबीसी (कंपलीट ब्लड काउंट) मशीन में तकनीकी खराबी आ गई। इससे जांच कराने पहुंचे 118 मरीजों का सैंपल नहीं लिया जा सका। स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें अगले दिन के लिए आने को कहा है।
वहीं, गंभीर मरीजों ने मजबूरन निजी पैथोलॉजी में जांच कराई। सीएमएस डॉ.आरए मिर्जा ने बताया कि इंजीनियर को सूचना दे दी गई। जल्द की मशीन की मरम्मत हो जाएगी।