सरकारी क्रय केंद्रों पर इस बार धान की खरीद एक माह देरी से यानी आज से शुरू होगी। फसल के शुरुआती दिनों में मानसून न आने से धान तैयार होने में देरी हुई। जिले में 17 केंद्रों पर धान की खरीद होगी।
सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद आज (बुधवार ) से शुरू होगी। इससे पहले सरकारी क्रय केंद्र एक अक्टूबर से खुल जाते थे। इस दफा फसल के शुरुआती दिनों में बारिश कम हुई। इससे धान की फसल देरी से तैयार हो सकी। बुधवार से शुरू होने वाली धान खरीद 28 फरवरी तक जारी रहेगी। खाद्य एवं विपणन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि धान की कटाई अक्टूबर माह के आखिरी सप्ताह में तेजी पकड़ती है। किसान उपज की बिक्री के लिए नवंबर के पहले सप्ताह से क्रय केंद्र पहुंचते हैं। अक्तूबर के महीने में धान खरीद बिल्कुल कम होती है। क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहता है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी घनश्याम ने बताया कि जिले के सभी धान खरीद केंद्र 28 फरवरी तक खुलेंगे। धान खरीद के लिए इस बार जिले में 17 क्रय केंद्र खोले जाएंगे। इनमें मार्केटिंग विभाग बांगरमऊ, उन्नाव शहर, नवाबगंज और सुमेरपुर में कुल चार क्रय केंद्र खुलेंगे। पीसीएफ बांगरमऊ, फतेहपुर चौरासी (अब्दुल्लापुर), बीघापुर और नवाबगंज के बिचपुरी में, एसएफसी सिकंदरपुर कर्ण, नवाबगंज, औरास, मियागंज, फतेहपुर चौरासी और मौरावां में, यूपीएसएस उन्नाव की नवीन मंडी परिसर और मोहान तिराहे पर और एफसीआई संस्था बांगरमऊ मंडी में केंद्र खोलेगी।