उन्नाव। शहर के सदर बाजार से गांधी नगर तिराहा पर त्योहार और दशहरा मेला की दुकानें और खरीदारों की भीड़ से सोमवार सुबह से दोपहर तक यातायात रेंगता रहा। दोपहर में कुछ अधिकारी जाम में फंसे तो इसके बाद ट्रैफिक पुलिस सक्रिय हुई और ई-रिक्शा व ऑटो के डायवर्जन व्यवस्था लागू की इसके बाद राहत मिली। पांच मिनट की दूरी तय करने में लगा आधा घंटा।
शहर में दहशहरा मेला की दुकानें लगी हैं। फुटपाथ पर दुकानें लगी हैं। खरीदारों की भीड़ के बीच ई-रिक्शा और ऑटो की भरमार से सोमवार को पूरे दिन शहर में यातायात रेंगता रहा। सदर बाजार में करवा चौथ और दिवाली की खरीदारी के चलते भीड़ रही। वहीं मेला की दुकानों में चूड़ी, क्रॉकरी, बर्तन व अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री की खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ रही। ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की मनमानी से यातायात उलझता रहा। बड़ा चौराहा से अताउल्ला नाला और छोटा चौराहा से गांधी नगर तिराहा तक जाम लगता रहा। हालत यह रही कि सब्जी मंडी से गांधी नगर तिराहा तक दो पहिया वाहन से पांच मिनट की दूरी तय करने में आधा घंटा लगा। दोपहर को कुछ अधिकारियों की गाड़ियां जाम में फंसी तो इसके बाद यातायात पुलिस ने आनन-फानन की सिपाहियों और होमगार्ड जवानों को लगाकर यातायात संचालन शुरू कराया। ई-रिक्शा और ऑटो के लिए डायवर्जन लागू किया। हरदोई पुल से सदर बाजार की तरफ जाने वाले रिक्शा-ऑटो को नगर पालिका मार्ग से कसाई चौराहा होते हुए छोटा चौराहा की ओर भेजा गया। वहीं गांधी नगर तिराहा की ओर से आने वाले वाहनों को बड़ा चौराहा की ओर नहीं जाने दिया गया। इन्हें लोकनगर मार्ग से कब्बाखेड़ा, सिविल लाइंस भेजा गया। यातायात प्रभारी वाईपी तिवारी ने बताया कि बाजार में भीड़ बढ़ने पर रिक्शा और ऑटो का ट्रैफिक डायवर्जन कर यातायात सामान्य कर लिया गया था। बताया कि मेला और त्योहार के कारण बाजारों में भीड़ होने की वजह से कभी-कभी जाम की समस्या हो जाती है।