नवाबगंज(उन्नाव)। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सीएचसी के सामने के दो मेडिकल स्टोर में हुई चोरी की घटना में जांच कर रही पुलिस के हाथ कुछ सुराग लगे हैं। पुलिस के अनुसार चोरी से पहले हादसे की फर्जी सूचना देकर पीआरवी को चिह्नित प्वाइंट से हटाया गया। पीआरवी के जाते ही चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया। जिस नंबर से फोन किया गया, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज हाईवे की सीएचसी के सामने संचालित वैष्णवी मेडिकल स्टोर व जय अंबे मेडिकल स्टोर को सोमवार रात निशाना बना चोरों ने नगदी, लैपटॉप समेत 40 हजार का सामान पार कर दिया था। मेडिकल स्टोर के संचालक मकूर निवासी देवेश साहू की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना से पहले 112 पर कॉल कर घटनास्थल से कुछ दूरी पर हादसा हो जाने की सूचना दी गई। अपने चिह्नित प्वाइंट पर मौजूद पीआरवी हादसा होने वाले स्थान पर पहुंची सूचना देने वाले फोन बंद कर लिया। काफी देर तक पीआरवी परेशान रही। इसी बीच सीएचसी के सामने मेडिकल स्टोरों से चोरी की घटना को अंजाम दे दिया गया। एसओ अजयराज वर्मा ने बताया कि कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। शीघ्र घटना का खुलासा किया जाएगा।