बीघापुर। उन्नाव-लालगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कस्बा सिकंदरपुर कर्ण में मैकू तेली मार्ग पर कट बनाने के लिए क्षेत्रीय लोग मांग कर रहे हैं। मंगलवार को शिकारी सेवा समिति की अगुवाई में क्षेत्रीय लोगों ने धरना दिया।
सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार को लोगों ने डीएम को प्रेषित ज्ञापन दिया।
शिकारी सेवा समिति के बैनर तले अकबरपुर, गौरीखेड़ा, अनूपपुर, लालाखेड़ा, बाजपेईखेड़ा व फत्तेपुर आदि गांवों के लगभग एक सैकड़ा लोगों ने मंगलवार को उन्नाव रायबरेली राजमार्ग पर मैकूतेली के सामने धरना दिया।
लोगों ने पीएनसी से मैकूतेली मार्ग पर आने-जाने के लिए कट बनाए जाने की मांग की। मौके पर पहुंचे सदर तहसील के नायब तहसीलदार अमृत पाल को समिति के अध्यक्ष मुन्नी लाल रावत के नेतृत्व में लोगों ने ज्ञापन दिया।
बताया कि इस मार्ग से लगभग 12 गांवों के लोगों का आवागमन रहता है। गंगा स्नान तथा अंतिम संस्कार के लिए कोलुहागाड़ा घाट तक आने जाने के लिए लोग इसी रास्ते का सहारा लेते हैं।
धरने में समिति के नन्हेलाल लोधी, विवेक कुमार, अभिषेक, रामादेवी, दीपक कुमार, सरोज, गीता, अजय वर्मा, रामनरेश, सियाराम, दिनेश कुमार, प्रवीण व कैलाश आदि मौजूद रहे।