उन्नाव। प्राथमिक विद्यालय में तीन साल पूरे कर चुके टीचरों के प्रमोशन की काउंसलिंग बीएसए कार्यालय में शनिवार को हुई। इमसें 750 सीटों के लिए 32 टीचरों को जूनियर विद्यालय में सहायक टीचर और 718 टीचरों को प्राइमरी विद्यालय में प्रधान टीचर बनाया गया। लाइन तोड़कर काउंसलिंग कराने के आरोप भी लगे।
सोलह विकासखंडों को छह तहसीलों में ब्लॉकवार बांटा गया था। इसमें सदर तहसील में सिकंदरपुर करन, सरोसी व बिछिया, सफीपुर तहसील में सफीपुर व फतेहपुर चौरासी, बांगरमऊ में बांगरमऊ व गंजमुरादाबाद, हसनगंज में मियागंज, हसनगंज, नवाबगंज व औरास, बीघापुर में बीघापुर व सुमेरपुर तथा पुरवा तहसील में पुरवा, हिलौली व असोहा विकासखंड में संचालित विद्यालयों के टीचरों को प्रमोशन सूची में रखा गया था।
सुबह सात बजे से महिलाओं की काउंसलिंग शुरू हुई। इसमें सुबह ग्यारह बजे तक ब्लॉक नवाबगंज, असोहा, सफीपुर, सिकंदरपुर करन, बिछिया व सरोसी विकासखंड फुल हो चुके थे। अंत में पुरुषों को केवल दस विकासखंडों में ही काउंसलिंग करानी पड़ी।
बीएसए डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने विद्यालयों की सूची बाहर चस्पा करने के साथ ही कार्यालय के अंदर काउंटर बनाकर लाइन से टीचरों को बुलाकर विद्यालय देने के लिए हस्ताक्षर कराया।