नहर पटरी दुरुस्त न होने से ओवरफ्लो होकर खेतों में भरा पानी।
- फोटो : UNNAO
आसीवन। नहर पटरी की मिट्टी भरान कर दुरुस्त न किए जाने से पानी ओवर फ्लो हो गया और पुरवा कोटरा मार्ग के किनारे खड़ंजा मार्ग से बहता हुआ गांव में पहुंच गया। इससे गांव के आसपास खेतों में फसलें जलमग्न हो गईं।
ब्लाक मियागंज क्षेत्र के शारदा नहर आसीवन ब्रांच से निकली मिर्जापुर कला माइनर की सफाई दो माह पहले कराई गई थी। सफाई के दौरान सिर्फ खानापूरी की गई और पटरी की मिट्टी भरान नहीं की गई। परिणामस्वरूप पुरवा गांव के पास माइनर के दोनों छोर पर पटरी न होने से पानी ओवर फ्लो होकर गांव के नजदीक तक पहुंच गया।
वहीं दूसरी ओर टंडन नगर की ओर बहते पानी से सरजू, भिखारी, छोटा, रामेश्वर, राम किशन सहित एक दर्जन किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पानी में डूब गई। पुरवा ग्राम के निवर्तमान प्रधान रामरतन पाल ने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा माइनर की सफाई के दौरान दोनों तटों की कटी मिट्टी का भरान नहीं कराया गया। जिससे पानी एक ओर खड़ंजा मार्ग के किनारे से होता हुआ गांव तक पहुंच गया और दूसरी ओर खेत में खड़ी गेहूं की फसल डूब गई। डीएम को पत्र भेजकर जांच कराने की मांग करेंगे।