लखनऊ कानपुर हाइवे पर लगे जाम को खुलवाती पुलिस।
- फोटो : UNNAO
नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सोमवार सुबह एक ट्रक का एक्सल टूट गया। इस वजह से हाईवे पर एक लेन जाम हो गई। एक घंटे बाद अजगैन पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को डायवर्ट कराकर तीन घंटे बाद यातायात बहाल कराया। इस दौरान पांच किमी लंबा जाम लगा रहा।
सोमवार सुबह कानपुर से लखनऊ की ओर से जा रहे एक लोड ट्रक का एक्सल अजगैन बाजार जाने वाले हाईवे कट के पास टूट गया। एक्सल टूटने के बाद ट्रक बीच हाईवे पर खड़ा हो गया। ट्रक के चालक व क्लीनर एक्सल सही करने की जुगत में लग गए। इस दौरान हाईवे पर यातायात प्रतिबंधित होने लगा। लगभग एक घंटे बाद जब अजगैन पुलिस को जाम लगने की सूचना मिली तो एसओ संतोष कुमार सिंह, अपराध निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल व चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह यादव ने टीम के साथ मौके पर पहुंच वाहनों का दूसरे रूट पर डायवर्ट करा यातायात को बहाल करवाया। इस दौरान हाईवे पर पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। वहीं कुछ घंटे बाद मैकेनिक की मदद से ट्रक का एक्सल सही होने के बाद चालक वाहन लेकर लखनऊ की ओर रवाना हो गया। एसओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नवरात्र के मद्देनजर टोल के मैनेजर को हाईवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दे दिए गए हैं। ऐसी स्थिति में हाईवे पेट्रोलिंग की मदद से जाम की स्थित कम रहती है।