उन्नाव। शहर में वायु प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है। दिवाली के दिन व बाद में यह प्रदूषण सामान्य से दो गुना बढ़ जाता है। ऐसे में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने क्षेत्रीय इकाई को निर्देश देकर शहर में दिवाली के दिन व दिवाली के दो दिन बाद की वायु व ध्वनि प्रदूषण की रिपोर्ट मांगी है।
दिवाली में पटाखों के प्रयोग से वायु प्रदूषण तो बढ़ता ही है साथ ही ध्वनि प्रदूषण भी खतरनाक स्तर तक पहुंच जाता है। पटाखों से निकलने वाले धुएं से वातावरण प्रदूषित हो जाता है। बीते वर्ष शहर में प्रदूषण की मात्रा 224 आरएसपीएम (रेस्पाइरल पार्टिकल ऑफ मेटल) तक पहुंच गई थी। ऐसे में लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो गया था। इकाई के क्षेत्रीय अधिकारी विमल कुमार ने बताया कि पटाखों से निकलने वाली गैस व अन्य पार्टिकल से वातावरण में प्रदूषण की मात्रा में तेजी से इजाफा होता है। ऐसे में लोगों को सांस लेने में दिक्कत होती है। सबसे अधिक परेशानी अस्थमा रोगियों को होती है। इस पर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दिवाली के दिन और बाद में शहर में प्रदूषण की मात्रा को जांचने के निर्देश दिए हैं। विमल कुुमार ने बताया कि बीते वर्षों में भी शहर के दो स्थानों पर प्रदूषण की जांच हुई थी। इस वर्ष केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने प्रदूषण पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं।