उन्नाव। दिल्ली की निजामुद्दीन की तब्लीगी जमात से वापस आकर घर में छिपे बैठे जमातियों की तलाश में पुलिस ने ट्रैवल एजेंसियों की मदद लेने की तैयारी की है। एसपी ने जिले के सभी चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने क्षेत्र की ट्रैवल एजेंसी से संपर्क कर ऐसे लोगों के नाम पते व मोबाइल नंबर की जानकारी हासिल कर उनका मेडिकल परीक्षण कराएं। इससे जमातियों को चिह्नित करने में आसानी होगी।
उन्नाव, लखनऊ और कानपुर के बीच बसा है। अभी तक इस जिले में एक भी कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला। दिल्ली की तब्लीगी जमात में शामिल होनेवाले लोगों ने देश की मुश्किलें बढ़ाईं तो जिला पुलिस ऐसे लोगों को चिह्नित करने में जुट गई। एसपी विक्रांतवीर के निर्देश पर जिले की हर मस्जिद और मदरसा को पुलिस ने चेक किया। अब एसपी ने ऐसे जमातियों को घरों से बाहर निकालने के लिए ट्रैवल एजेंसी की मदद भी ली है। एसपी के मुताबिक, जिले के सभी चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने क्षेत्र की ट्रैवल एजेंसी से संपर्क कर मार्च महीने में दिल्ली जाने वाले लोगों की सूची तैयार करें। उनके नाम पते के साथ मोबाइल नंबर की भी जानकारी लें और जो भी ऐसा व्यक्ति मिले उसका तत्काल मेडिकल परीक्षण कराएं।