उन्नाव। ठंड के दिनों में अक्सर चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ती हैं। इससे एहतियात बरतते हुए पुलिस ने घुमंतू जाति के परिवारों के सत्यापन का अभियान शुरू किया है।
गुरुवार रात गंगाघाट थाना पुलिस ने इसी अभियान के दौरान हरदोई जिला निवासी दो युवकों को दो किलो 700 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
खासकर ठंड व कोहरा के दिनों में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ जाती हैं। अबतक की अधिकांश घटनाओं में पुलिस ने घुमंतू जाति के लोगों को लिप्त पाया है। अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एहतियाती कदम उठाते हुए जांच अभियान शुरू किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों के किनारे और बस्तियों के बीच खाली स्थानों पर डेरा डालकर रहने वाले घुमंतू परिवार स्थाई ठिकाना नहीं बनाते हैं।
शिक्षा के अभाव में इन विमुक्ति जातियों के लोग अपराधिक घटनाओं से जुड़ जाते हैं। यह परिवार और रिश्तेदार सहित इस शहर से उस शहर अपना ठिकाना बदलते रहते हैं।
बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ऐसे परिवारों का सत्यापन करने के लिए अभियान शुरू किया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे लोगों और परिवारों पर खास नजर रखी जाए। इसी अभियान के दौरान गुरुवार रात गंगाघाट थाना पुलिस ने पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के पास दो संदिग्धों से पूछताछ की और संदेह के आधार पर तलाशी ली तो दोनों के पास से दो किलो 700 ग्राम चरस बरामद हुई।
सीओ सिटी आशुतोष कुमार ने बताया कि पूछताछ में एक ने अपना नाम शिवराम और दूसरे ने सुशांत बताया है। दोनों हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र के ककेंडी के रहने वाले हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा गया है।
एएसपी ने बताया कि जिन क्षेत्रों में औद्योगिक इकाईयां हैं उनमें काम करने वाले श्रमिकों का भी सत्यापन किया जा रहा है। फैक्टरी संचालकों से श्रमिकों को काम पर रखने से पहले उनके आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी कागजात जमा कराने और उनका पुलिस से सत्यापन कराने के बाद भी काम पर रखने को कहा गया है।