बीघापुर। ससुर के साथ मांगलिक कार्यक्रम में जा रही महिला टेंपो से उतरते समय बैग भूल गई। सूचना पर पुलिस ने आधे घंटे में तलाश कर बैग उस तक पहुंचाया तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बैग में उसके करीब पांच लाख के जेवर थे।
बारासगवर क्षेत्र के गांव कुतबुद्दीनगढ़ेवा निवासी छेदीलाल, बहू के साथ गुरुवार शाम टेंपो से ऊंचगांव अपने घर जा रहे थे। बारा गांव के पास वह बहू के साथ टेंपो से उतरे, लेकिन बहू का बैग टेंपो में ही छूट गया। कुछ दूर पैदल चलने के बाद जब बैग का ध्यान आया तो ससुर और बहू बेहाल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने टेपों का एक किलोमीटर तक पीछा किया और रोक लिया। बैग बरामद कर महिला के सुपुर्द किया।
धोखाधड़ी कर निकाले गए 57 हजार रुपये कराए वापस
उन्नाव। शुक्लागंज के आजादनगर मोहल्ला निवासी गोविंद भारती ने 21 सितंबर को साइबर सेल में प्रार्थनापत्र देकर खाते से 20 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच कर आरोपी के खातों को फ्रीज कराया और बैंक के माध्यम से आवेदक के खाते में धनराशि वापस कराई।
वहीं, अचलगंज थानाक्षेत्र के इटौली निवासी मोहित कुमार ने 19 सितंबर को साइबर सेल में 59,212 रुपये धोखाधड़ी कर निकाले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने बैंक से 37000 रुपये पीड़ित को वापस कराए। इसमें साइबर सेल प्रभारी रेखा सिंह, उपनिरीक्षक अयोध्या प्रसाद, कमलकिशोर दुबे सहित अन्य स्टॉफ का अहम योगदान रहा। (संवाद)
अपहृत युवती को पुलिस ने तीन दिन में खोजा
अचलगंज। कस्बा निवासी 18 साल की युवती की मां ने दो दिन पहले अज्ञात पर बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर 10 अक्तूबर को रायबरेली हाईवे पर हड़हा गांव के पास युवती और युवक को खोज लिया। थानाध्यक्ष राजेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार को युवती का मेडिकल कराया जाएगा। (संवाद)
-
खाद्य पदार्थों के लिए छह नमूने
उन्नाव। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों में संजय सिंह, पल्लवी शर्मा, आकांक्षा जायसवाल, उपासना, रुचि बाजपेयी आदि ने चेकिंग अभियान चलाकर दो किशमिश, भैंस के दूध, फलाहार नमकीन, साबूत सिंघाड़ा व जीरा का नमूना लिया। सभी को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश दीक्षित ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चेकिंग अभियान त्योहार तक लगातार चलता रहेगा। (संवाद)