हसनगंज/उन्नाव। हसनगंज के ताला सरायं गांव में जहरीली शराब पीने के बाद रविवार देर रात से शुरू हुआ मौतों का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। बुधवार तड़के लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान दो और युवकों की मौत हो गई।
वहीं शराब पीने वालों में कई की हालत बिगड़ने के बाद जिला अस्पताल और लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन के अलावा लखनऊ के भी अधिकारी घटना की नजर रखे हैं। एसडीएम ने अबतक 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
ताला सरायं गांव में कच्ची शराब पीने से दो सगे भाइयों समेत 11 लोगों को मौत की नींद सुला देने के बाद बुधवार तड़के हसनगंज के ताला सरांय गांव निवासी राजकुमार उर्फ राजू (30) पुत्र नान्हू की मौत हो गई।
राजकुमार का लखनऊ के ट्रामासेंटर में इलाज चल रहा था। वहीं, उसके वृद्ध पिता नान्हू की हालत गंभीर बताई जा रही है। मालूम हो कि शराब कांड में अब तक ताला सरायं गांव निवासी रामसागर (36), कृष्ण कुमार (35), रघुनंदन (45), रामसनेही (40), छंगा (35), सतीश (20), रामस्वरूप (40), रामपाल (70), रामप्रसाद (35), भल्लर (45) और गेंदालाल (28) की मौत हो चुकी है।