उन्नाव। प्रारंभिक आर्हता परीक्षा के पहले दिन परीक्षार्थियों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। प्रयागराज, फतेहपुर और आगरा सहित अन्य जिलों से आए परीक्षार्थी जैसे-तैसे उन्नाव पहुंचे तो रात स्टेशन पर ही बितानी पड़ी।
ट्रेनों में भी धक्कामुक्की के बीच खड़े होकर सफर करना पड़ा। सबसे अधिक भीड़, गोरखपुर यशवंतनगर एक्सप्रेस ट्रेन और आगरा इंटरसिटी ट्रेन में रही। लखनऊ व कानपुर रूट की ट्रेनों में भी खचाखच भीड़ रही। परीक्षा की प्रथम पाली में 3,317 व द्वितीय पाली में 3,417 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
जिले में शनिवार को 14 परीक्षा केंद्रों पर पीईटी हुई। परीक्षा देने के लिए छात्र शुक्रवार रात ही रेलवे और बस स्टेशन पर पहुंच गए थे। हालत यह रही कि प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा सहित अन्य जिलों के परीक्षार्थियों को ट्रेन में खड़े होकर ही सफर करना पड़ा। इससे उन यात्रियों को परेशानी भी उठानी पड़ी जो दूसरे गंतव्यों के लिए सफर कर रहे थे।
रात 10 बजे के बाद स्टेशन पहुंचने वाले छात्रों को परिसर में ही रात बितानी पड़ी। सैकड़ों की संख्या में छात्र शनिवार सुबह से ही परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए सवारी साधन तलाशने लगे।
सुबह चाय-नाश्ते की दुकानों पर भीड़ रही। परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों में 5,218 परीक्षार्थी केंद्र नहीं पहुंच सके और अनुपस्थित रहे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक हुई। पंजीकृत 5,976 परीक्षार्थियों में 2,659 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पॉली में शाम तीन से पांच बजे तक हुई परीक्षा में पंजीकृत 5,976 में 2,559 की अनुपस्थित रही।
दोनों पॉलियों में 6,734 ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान डीएम अपूर्वा दुबे, एसपी सिद्धार्थशंकर मीना के साथ अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया।
पीईटी परीक्षा में कई ऐसे परीक्षार्थी थे जो निजी वाहनों से भी आए थे। परीक्षा केंद्रों पर सुबह नौ बजे पहुंचना था लेकिन उनको पहुंचने में देरी होने से उन्हें अंदर जाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद परीक्षार्थियों को अंदर प्रवेश दिया गया।
शुक्रवार शाम और शनिवार देर रात तक स्टेशन व बस अड्डे पर प्रशासनिक और पुलिस प्रशासन निरंतर निगरानी में बना रहा। सिटी मजिस्ट्रेट अरुणमणि त्रिपाठी, एसडीएम नमृता सिंह, सीओ सिटी आशुतोष कुमार के साथ भारी पुलिस बल सक्रियता के साथ शांति व्यवस्था बनाए रहा।
रेलवे स्टेशन पर शनिवार को छात्र-छात्राओं की भीड़ रही। टिकट काउंटर से लेकर यात्री प्रतीक्षालय तक परीक्षार्थियों की भीड़ रही। टिकट लेने के लिए काउंटर पर टिकटिंग मशीन होने के बाद भी लंबी लाइन लगी रही।