उन्नाव/बेहटामुजावर। यूपीडा और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से उन्नाव और हरदोई के यात्री परेशान हैं। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ के जगटापुर के पास बने बस स्टॉप तक पहुंचने के लिए यात्रियों को मानों सैन्य अभ्यास करना पड़ रहा है। 60 सीढि़यां चढ़कर 40 फीट ऊपर जाकर उन्हें चार फीट ऊंची दीवार फांदनी पड़ रही है। पुरुष, महिलाएं और बच्चे जोखिम के बीच बस स्टॉप तक पहुंचते हैं।
वर्ष 2016 में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हुआ था। उन्नाव और हरदोई के लोगों की सुविधा के लिए बांगरमऊ के जगटापुर गांव के पास किलोमीटर संख्या 238 पर टोल प्लाजा बना है। यहां से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर अंडरपास के पास ही एक्सप्रेसवे पर बने बस स्टॉप पर पहुंचने के लिए दोनों ओर 60-60 सीढ़ियां बनी हैं। यहीं से यात्री 40 फीट ऊंचे एक्सप्रेसवे पर पहुंचते हैं और फिर चार फीट ऊंची दीवार फांदकर बस व अन्य सवारी साधनों से आगरा, दिल्ली, लखनऊ आदि जगहों के लिए रवाना होते हैं। इस पूरी कवायद में पुरुष हों या महिलाएं और बच्चे जोखिम के बीच इन्हें बस स्टॉप तक पहुंचना पड़ रहा है।
आए दिन होते हैं हादसे
60 सीढ़ियां चढ़ने की चुनौती पार करने के बाद मुसाफिरों को दीवार की बाधा पार करने में सबसे बड़ा जोखिम रहता है। इससे बचने के लिए बहुत से लोग सर्विस रोड से होकर टोल प्लाजा तक पहुंचते हैं और चालक भी यहीं बस रोक कर सवारियां बैठाते हैं। शुक्रवार सुबह स्लीपर बस से कार के टकराने से अमेठी में तैनात दरोगा मंजीत सिंह की मौत हो गई थी और पांच लोग घायल हो गए थे। सवारी बैठाने के लिए बस के गलत जगह रुकने को घटना की वजह बताया गया था।
बोले जानकार, अधूरी सुविधा देकर जिम्मेदारी से नहीं बच सकते जिम्मेदार
ऐसा लगता है कि यूपीडा के अधिकारी एक्सप्रेसवे पर लोगों की चहलकदमी को नियंत्रित रखने के लिए के लिए इस दीवार को नहीं हटा रहे हैं। लेकिन लोगों को सुविधा देना भी उनकी ही जिम्मेदारी है। सुरक्षा के लिए यहां दीवार के बीच केवल एक व्यक्ति के निकलने भर का रास्ता दिया जा सकता है। जेड या जी के आकार में रास्ता बनाया जा सकता है। इससे व्यक्ति निकल भी जाएगा और तेजी से एक्सप्रेसवे की सड़क पर भी नहीं पहुंचेगा।
- एके सिंह, सेवानिवृत्त एक्सईएन एनएचएआई
-
लखनऊ में यूपीडा के अधिकारियों को बताएंगे समस्या : विधायकयह समस्या काफी पुरानी है, यूपीडा के अधिकारियों से बात करके सीढ़ियों और एक्सप्रेसवे के बीच दीवार बनाने की वजह पता की जाएगी, साथ ही इसे हटाने के लिए कहा जाएगा। यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को इस संबंध में पत्र लिखेंगे और लखनऊ में उनसे मिलकर क्षेत्र के लोगों को हो रही समस्या से अवगत कराकर हल कराएंगे।
श्रीकांत कटियार, क्षेत्रीय विधायक
-
समस्या को हल कराने का करेंगे प्रयास : सुरक्षा अधिकारी
एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ सीढ़ियां यात्रियों की सुविधाजनक आवाजाही के लिए बनाई गईं हैं। एक्सप्रेसवे से निकल रहे वाहनों की सुरक्षा के लिहाज से दीवार को बनाया गया था। पूर्व में कई बार उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया था। इस संबंध में वह अपने स्तर से फिर पत्र लिखेंगे और समस्या हल कराने का प्रयास करेंगे।
- एके चंदेल, एक्सप्रेसवे के सुरक्षा अधिकारी