उन्नाव। कानपुर- लखनऊ रेल मार्ग के जैतीपुर स्टेशन में इंटर लॉकिंग और नई रेल लाइन बिछाने का पांच दिन चलने वाला काम सात दिन में भी पूरा नहीं हो सका। रेलवे के अनुसार मंगलवार को प्लेटफार्म नंबर चार के ट्रैक की मरम्मत कराई जाएगी। लखनऊ जाते समय नौ पैसेंजर ट्रेनों का जैतीपुर स्टेशन पर ठहराव होगा, लेकिन लखनऊ से कानपुर जाते समय ट्रेनों का ठहराव नहीं होगा। सात दिन से बंद झांसी पैसेंजर भी इसी तरह से चलेगी।
जैतीपुर रेलवे स्टेशन पर इंटर लॉकिंग व ट्रैक मरम्मत का काम 29 जुलाई से शुरू हुआ था। इसलिए 51813 व 51814 झांसी पैसेंजर ट्रेन चार अगस्त तक निरस्त गई थी। वहीं नौ अन्य पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव जैतीपुर स्टेशन पर नहीं हो रहा था। रेलवे ने अन्य काम तो सोमवार को पूरा कर लिया, लेकिन अभी भी जैतीपुर के ट्रैक नंबर चार का कुछ काम बाकी रह गया है। इसे मंगलवार को कराया जाएगा।
काम होने के कारण 29 जुलाई से चार अगस्त तक गोविंद पुरी तक ही चल रही झांसी पैसेंजर ट्रेन मंगलवार को लखनऊ तक जाएगी। जाते समय यह ट्रेन जैतीपुर में रुकेगी, लेकिन वापसी में जैतीपुर में नहीं रोकी जाएगी। इसके अलावा 55345 लखनऊ-कासगंज पैसेंजर, 64203 लखनऊ-कानपुर मेमू, 64211 लखनऊ-कानपुर मेमू, 64255 उतरेटिया- कानपुर मेमू, 55346 कासगंज-लखनऊ पैसेंजर, 64204 कानपुर- लखनऊ मेमू, 64212 और 64214 कानपुर-लखनऊ मेमू पैसेंजर ट्रेन भी कानपुर जाते समय जैतीपुर स्टेशन पर नहीं रोकी जाएगी।
स्टेशन मास्टर सुधांशु मोहन ने बताया कि एक ट्रैक पर कुछ काम बाकी होने से रेलवे मंडल कार्यालय ने एक दिन और काम कराने का निर्णय लिया है।