मौरावां में दरोगा की पिटाई से अधेड़ किसान के बेहोश होने पर आक्रोशित हुए परिजनों को समझाते एसओ अनि
- फोटो : UNNAO
मौरावां। थाना क्षेत्र के संदाना गांव में दो भाइयों के बीच चल रहे जमीन विवाद को निपटाने पहुंचे दरोगा ने एक पक्ष के किसान पर थाने चलने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे कदर पीटा कि वह बेहोश हो गया। आक्रोशित परिजनों ने दरोगा को दौड़ा लिया। एसओ ने कार्रवाई का भरोसा दिला परिजनों को शांत कराया और पीड़ित को सीएचसी में भर्ती कराया। एसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया।
मौरावां के ग्राम सभा संदाना निवासी नोखेलाल का अपने भाई रामशंकर से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। रामशंकर की पत्नी ने जनसुनवाई पोर्टल पर इसकी शिकायत की थी। शुक्रवार दोपहर हल्के के प्रभारी दरोगा अनिरुद्ध यादव शिकायत की जांच करने गांव पहुंचे। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद दरोगा ने नोखेलाल से थाने चलने की बात कही। परिजनों का आरोप है कि नोखेलाल के विरोध करने पर दरोगा ने उसे जमकर पीटा, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। परिजनों ने दरोगा को दौड़ा लिया। दरोगा ने भागकर जान बचाई और मामले की जानकारी एसओ अनिल सिंह को दी। मौके पर पहुंचे एसओ ने आक्रोशित परिजनों को शांत करा पीड़ित नोखेलाल को सीएचसी में भर्ती कराया। एसओ ने एसपी एमपी वर्मा को मामले की जानकारी दी। जिस पर एसपी ने दारोगा अनिरुद्ध को लाइन हाजिर कर दिया। एसओ अनिल सिंह ने बताया कि डॉक्टर ने नोखेलाल की हालत सामान्य बताई है।