उन्नाव। शहर में जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ओर से की गई तमाम कवायद बेकार ही साबित हुई। दो महीने पहले डीएम के आदेश पर नगर पालिका ने अभियान चलाकर शहर में फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जे और दुकानें हटवाई थीं। अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों का चालान किया जाएगा। बावजूद इसके फुटपाथ तक दुकानें सजाने वाले अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहे।
फुटपाथ पर दुकानें और सड़क पर वाहनों की पार्किंग शहर में जाम की मुख्य वजह बनी है। रविवार को शहर के छोटा चौराहा के पास एक दुकान के सामने सड़क पर खड़ी कई बाइकें करीब एक घंटे तक लगे जाम का कारण बनीं। शहर के भीतर से निकल रही एक बस छोटा चौराहा पहुंची तो सड़क पर बाइक खड़ी होने के कारण आगे नहीं बढ़ सकी। चालक काफी देर तक हार्न बजाता रहा और परिचालक उतर कर बाइक मालिक को तलाशता रहा काफी देर बाद एक युवक आया और अपनी बाइक हटाई।
इसके चलते करीब एक घंटे तक मुख्य मार्ग से गुजर रहे लोग जाम की स्थिति से दो-चार होते रहे। हालत यह है कि नगर पालिका के तमाम अल्टीमेटम के बाद भी तमाम दुकानदार फुटपाथ पर कब्जा कर सामान सजा देते हैं जो जाम की वजह बन जाता है। नगर पालिका ईओ रोली गुप्ता ने बताया कि दुकानदारों को कई बार नोटिस दी जा चुकी है। अब भी सुधार न हुआ तो चालान किया जाएगा।