ग्राम परियर में महेश कुमार डेयरी में जांच में पकड़ा गया मामला
47 हजार का स्किम्ड मिल्क पाउडर जब्त, रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। सदर तहसील क्षेत्र के परियर स्थित डेयरी में मिल्क पाउडर से बने 39200 रुपये कीमत के पनीर को नष्ट कराया गया। साथ ही 47950 कीमत का मिल्क पाउडर जब्त कर लिया गया। डेयरी संचालक पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सहायक खाद्य आयुक्त प्रियंका सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शिकायत के आधार पर ग्राम परियर में महेश कुमार डेयरी का निरीक्षण किया। यहां संदेह के आधार पर भैंस का दूध, पनीर, स्किम्ड मिल्क पाउडर, सफेद घोल (पनीर बनाने में प्रयोग) के सैंपल भरे गए।
साथ ही दो क्विंटल भैंस का दूध, 80 किग्रा पनीर, सौ लीटर सफेद घोल (पनीर बनाने के लिए प्रयुक्त) को गड्ढा खोदकर नष्ट कराया गया। इसकी कीमत लगभग 39200 रुपये थी। इसके अलावा 47950 रुपये का 137 किग्रा स्किम्ड मिल्क पाउडर (महान बंगाल टाइगर ब्रांड) जब्त किया गया।
सहायक खाद्य आयुक्त ने बताया कि स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर बनाया जा रहा था। नोटिस देकर कारखाना बंद करा दिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश दीक्षित खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार कटियार, आशीष कुमार वर्मा आदि शामिल रहे।