सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरिसाक्षी जी महाराज ने कहा कि कई प्रधानमंत्रियों ने विश्व का नक्शा नहीं देखा, लेकिन नरेंद्र मोदी ने विश्व पटल पर विशेष पहचान बनाकर देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। लेकिन विरोधियों को यह हजम नहीं हो रहा है।
वह सोमवार को नर्मदेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित भाजपा नवमनोनीत जिलाध्यक्ष श्रीकांत कटियार के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कई वर्ष का समय गुजर जाने के बाद भी आज तक किसी भी मुसलमान का अहित नहीं हुआ।
मोदी ने जनधन योजना का श्रीगणेश करके सभी जातियों व धर्मों का उद्धार किया है। बाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पठानकोट में हुआ आतंकी हमला पाकिस्तान की सोची समझी चाल थी।
पर्याप्त सबूत सौंपने के बाद भी पाकिस्तान आतंक के नाम पर चुप्पी तोड़ने को राजी नहीं है। यदि उसका यही रवैया रहा तो भारत कोई भी कार्रवाई करने को तैयार है। उधर, सम्मान समारोह के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकांत कटियार ने कहा कि यदि कार्यकर्ताआें का भरपूर सहयोग मिला तो जनपद की सभी सीटें भाजपा की झोली में डालने से कोई नहीं रोक सकता।
इस अवसर पर डॉ. अवधेश सिंह गौर, मदन मोहन शुक्ला, रामचंद्र वर्मा, अरविंद सिंह, विमला कुरील, अजय तिवारी, रामनरेश कुशवाहा, राधेश्याम राठौर, रामसजीवन यादव, सुनील सैनी, अजय कुशवाहा, नीरज यादव, बलराम द्विवेदी, मनोज जोशी, राकेश गुप्ता, गिरधर दीक्षित, राकेश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।