एक साल में तीसरी बार लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायबरेली क्रासिंग पर बने रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की स्लेब में आई दरारें ब्रिज के निर्माण में हुए घालमेल की हकीकत बयां कर रही हैं। अमर उजाला की खबर को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने नेशनल हाईवे अथारिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन ले ओवरब्रिज निर्माण की हाईलेवल कमेटी से जांच कराने को कहा है।
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर शहर के पास एक साल पहले 54 करोड़ की लागत रायबरेली रेलवे क्रासिंग पर 700 मीटर लंबा रेलवे ओवर ब्रिज बनाया गया था। निर्माण पूरा होने के बाद इस आरओबी पर जून 2015 में वाहनों का आवागम शुरू हुआ था। लेकिन वाहनों का आवागमन शुरु होने के कुछ महीने बाद से ही कभी स्लेप में दरारें आ जाती हैं तो कभी रैंप धंस जाती है। पुल की जर्जर हालत ने निर्माण में हुए भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है। अमर उजाला ने आठ अक्तूबर को स्लेब टूटने की खबर को पहले पेज पर प्रकाशित किया।
ओवरब्रिज के निर्माण में घालमेल की आशंका देखते हुए डीएम सुरेंद्र सिंह ने नेशनल हाईवे अथारिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन को ओवरब्रिज निर्माण की हाईलेवल कमेटी से जांच कराने के लिए पत्र लिखा है। डीम ने बताया कि जांच में ओवरब्रिज के बार-बार टूटने की वजह समेत सारी हकीकत सामने आ जाएगी मालूम हो कि अभी दो माह पहले भी एनएचएआई ने आरओबी की मरम्मत कराई थी। होता यह है का कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले मार्ग पर ओवर ब्रिज की स्लेप के ज्वाइंट खुल जाते हैं। लेकिन इसबार तो बाइपास तिराहा के अंडर की स्लेब ही टूट गई है।
जिम्मेदार बोले, ओवर लोडिंग से दरक रहा पुल
एनएचआई के अधिकारी ओवर ब्रिज में बार-बार आ रही दरारों और रैंप रोड़ धंसने के पीछे ओवर लोडिंग को कारण बता रहे हैं। उनका कहना है कि जब 25 टन क्षमता वाले ट्रक में 70 टन माला लादा जाएगा तो सड़क हो या पुल टूटेगा ही। मरम्मत करा रही एजेंसी पीएनसी के महेश कौशिक ने बताया उन्नाव के इस ओवर ब्रिज के उसी साइड ज्यादा टूटफूट हो रही है जिससे ट्रक व अन्य वाहन लखनऊ की ओर जाता हैं। उन्होंने ने बताया कि मौरंग, गिट्टी, बालू, लोहा समेत हर प्रकार का माल वाहनों में क्षमता से दो-तीन गुना तक लोड किया जा रहा है। इसी वजह से कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाली लेन में ज्यादा टूटफूट हो रही है।
25 दिन बाद शुरू होगा ट्रैफिक
मरम्मत के चलते ओवर ब्रिज पर एक ही लेन से दोनों ओर के वाहन निकाले जा रहे हैं। मरम्मत के काम में लगे कर्मचारियों ने बताया कि काम पूरा होने में और स्लेप का ज्वाइंट पुख्ता होने के बाद ही वाहनों के लिए खोला जाएगा। ट्रैफिक शुरू होने में अभी कम से 25 दिन का समय लगेगा।
कराई जा रही है मरम्मत-पीडी
एनएचएआई के परियोजना निदेशक पी शिवशंकर ने बताया कि उन्नाव में हाईवे पर रायबरेली क्रासिंग पर बने आरओबी का जो हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है उसकी मरम्मत कराई जा रही है। यह स्थिति वाहनों में ओवरलोडिंग की वजह से बार-बार सामने आ रही है। बताया कि निर्माण एजेंसी मरम्मत का काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।