शिक्षक, स्नातक चुनाव का सड़कों पर शोरशराबा गुरुवार शाम को खत्म हो गया था। वोटरों को अपने पाले में खींचने की जद्दोजहद प्रत्याशियों में तेज हो गई थी। प्रत्याशी व उनके समर्थक वोटर के घर-घर जाकर विकास व सम्मान का वादा कर वोट का रुख अपने पाले में खींचने का हर संभव प्रयास गुरुवार की देर रात तक करते रहे। फिलहाल जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा ये तो आने वाला समय बताएगा। मगर मतदाताओं का शांत स्वभाव प्रत्याशियों के माथे पर बल जरूर दे रहा है।
महीनों से शिक्षक चुनाव की सरगर्मी शहर से गांव तक जोरों पर थी। जो राजनीतिक सियासत शुक्रवार की सुबह 8 बजे से मतदान के साथ-साथ थमती जाएगी। मतदान के पहले बचे कुछ घंटों में प्रत्याशी व उनके समर्थक मतदाताओं को अपने पाले में खींचने की जद्दोजहद में देर रात तक जुटे रहे हैं। चुनाव में जीत का स्वाद चखने को किसी ने विकास कार्यों की याद दिलाई तो किसी ने पुराने अहसानों को याद दिलाकर दिलों को जीतने का हर संभव प्रयास किया। शिक्षक विधायक के साथ ही स्नातक-परास्नातक सीट पर लड़ रहे दोनों प्रत्याशियों के इस चुनाव में जीत प्रतिष्ठा का कारण बन गई है। कोई राजनीतिक विरासत सहेजने की जंग लड़ रहा तो कोई खोई प्रतिष्ठा दोबारा हासिल करने की जद्दोजहद में है। फिलहाल मतदाताओं की चुप्पी ने प्रत्याशियों की धुकधुकी बढ़ा रखी है। मतदाता किसको पसंद करेंगे इसका सच 6 फरवरी को दोपहर बाद सामने आएगा।
16669 वोटर करेंगे भाग्य का फैसला
शिक्षक व स्नातक चुनाव में जिले के 16669 मतदाता भाग लेंगे। इसमें शिक्षक वोटरों की संख्या 3943 और स्नातक की 12726 है। इस चुनाव में जनपद के अलावा कानपुर व कानपुर देहात के शिक्षक व स्नातक मतदाता भाग लेंगे। जिले में 20 बूथ कामन और 15 बूथ स्नातक के लिए आरक्षित किए गए हैं। सभी ब्लाकों के साथ ही नगर पालिका गंगाघाट, उन्नाव और नगर पंचायतों में मतदान होगा। उपजिला निर्वाचन अधिकारी बीएन यादव ने बताया कि एमएलसी (शिक्षक व स्नातक) चुनाव के मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। चुनाव में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके। इसके लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स की बूथों पर तैनाती की गई है।
इंसेट
शिक्षक चुनाव के लिए वोटरों की संख्या
पुरुष-2884। महिला-1059। कुल-3943
स्नातक चुनाव के लिए वोटरों की संख्या
पुरुष-8183। महिला-4553। कुल-12726
पोलिंग पार्टियां रवाना
उन्नाव। शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार दोपहर निराला प्रेक्षागृह से पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन सामग्री व बैलेट बाक्स सौंपने के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी ने निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराने का अल्टीमेटम दिया। किसी भी तरह की दिक्कत आने पर तत्काल जोनल मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ ही कंट्रोल रूम को अवगत कराने का आदेश दिया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अदिति सिंह ने पीठासीन अधिकारियों को चुनाव आयोग की गाइड लाइन का पालन कर चुनाव कराने का निर्देश देने के बाद वाहनों से पोलिंग बूथ के लिए रवाना किया। इस दौरान उप निर्वाचन अधिकारी बीएन यादव ने माइक्रो आब्जर्रवर्स की चेक लिस्ट सहित अन्य अभिलेख देखने के बाद रवाना किया। उन्होंने बताया कि पोलिंग बूथ पर पुलिस जवानों के साथ-साथ सीआईएफ के जवान भी सुरक्षा में मुस्तैद रहेंगे। मतदान के दौरान गड़बड़ी करने का प्रयास करने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा डीएम ने पोलिंग बूथों की निगरानी के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की बूथ वार तैनाती की है।