अचलगंज(उन्नाव)। थाना क्षेत्र में हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में रिपोर्ट दर्ज करने में टालमटोल करना चौकी प्रभारी को भारी पड़ गया। एसपी ने पीड़िता के आरोप सही पाए जाने पर चौकी प्र्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया।
शनिवार 8 फरवरी की शाम थाना क्षेत्र के नेवरना चौकी के बड़ौरा गांव में हैंडपंप पर किशोरी पानी भरने गई थी। किशोरी का आरोप है कि गांव के दो लोगों ने उसे पानी भरने के दौरान अगवा कर लिया और पास के एक मकान में ले जाकर दुष्कर्म किया था। मां के साथ शिकायत लेकर नेरवना चौकी पहुंची किशोरी ने चौकी प्रभारी से कार्रवाई की मांग की। किशोरी के अनुसार चौकी प्रभारी ने दोनों आरोपियाें को चौकी बुलाया और किशोरी व उसकी मां से कागज पर दस्तखत बनवा दोनों को छोड़ दिया। कार्रवाई न होने पर मंगलवार को किशोरी मां के साथ एसपी से मिली और आपबीती सुनाई।
एसपी के निर्देश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने किशोरी के आरोपों की जांच सीओ बीघापुर एके राय को दी थी। सीओ की रिपोर्ट पर मंगलवार रात ही एसपी ने चौकी प्रभारी नेवरना रामआसरे चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया।