उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर नवाबगंज चौकी के पास बाइक सवार दंपती के साथ हुई लूट की घटना में एसपी ने चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है। उधर, पुरवा कोतवाल को भी बदला गया है।
अजगैन कोतवाली के केवाना गांव निवासी संतोष कुमार गुरुवार रात 11 बजे लखनऊ से पत्नी उमा के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। वह नवाबगंज चौकी के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो लुटेरों ने उनकी बाइक में टक्कर मारी थी। सड़क पर गिरने के बाद लुटेरे जेवर और रुपयों से भरा बैग लूट ले गए थे। चौकी के पास की घटना होने से नवाबगंज चौकी इंचार्ज अरविंद पांडेय की लापरवाही मिलने पर एसपी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया।
उनके स्थान पर दरोगाखेड़ा चौकी में तैनात मुन्ना कुमार को तैनात किया गया है। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई हुई है। उधर, पुरवा कोतवाल रहे कुंवर बहादुर सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटी) बनाया गया है। उनके स्थान पर एएचटी में तैनात राकेश कुमार गुप्ता को पुरवा कोतवाली प्रभारी बनाया गया है। मानव तस्करी रोधी इकाई
हादसे में बाइक सवार दंपती और बच्चा घायल
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर जगदीशपुर के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती और बच्चा घायल हो गया। एंबुलेंस से तीनों को नवाबगंज सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टर ने युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
लखनऊ के थाना बंथरा के कल्लनखेड़ा गांव निवासी लवकुश (37) अजगैन के मुंडेरा गांव स्थित ससुराल आया था। रविवार सुबह पत्नी सुप्रिया (35) और चार साल के बच्चे कार्तिक के साथ घर जा रहा था। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर जगदीशपुर गांव के पास वाहन की टक्कर से तीनों घायल हो गए। नवाबगंज सीएचसी से लवकुश को जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजन लखनऊ के निजी अस्पताल ले गए। (संवाद)