नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर मुर्तजानगर गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती व सात साल का बच्चा घायल हो गया। वहां से गुजर रहे औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने तीनों को सड़क पर छटपटाता देख अपना काफिला रुकवाया। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भेज। सूचना पर भी अजगैन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
औद्योगिक विकास मंत्री बुधवार शाम कानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे थे। मुर्तजानगर गांव के पास उन्होंने अजगैन भौली गांव निवासी बाइक सवार वकील (35), उसकी पत्नी जैतुन्निशा (32) व एक सात वर्षीय बच्चे को हाईवे पर लहूलुहान हालत में छटपटाते देखा। मंत्री ने अपने काफिले को रुकवाया और अजगैन पुलिस व एंबुलेंस को फोन कर मौके पर बुलवाया। औद्योगिक मंत्री का फोन पहुंचते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल ले गई। हालांकि मंत्री का फोन पहुंचने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। एंबुलेंस चालक ने बताया कि दंपती व बच्चे को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।