अचलगंज। थाना क्षेत्र के गड़ारी गांव के निकट बुधवार शाम युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। मृतक के सिर में चोट होने से परिजनों ने हत्या का शक जताया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
थानाक्षेत्र के गड़ारी मजरा महिपतखेड़ा गांव निवासी कमलेश (30) पुत्र ननहक्के का शव गड़ारी गांव में सड़क किनारे बुधवार शाम नाली में औंधे मुंह पड़ा मिला। सिर से खून टपकता देख ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। एसओ अतुल तिवारी ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान करा परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मृतक के छोटे भाई पंकज ने बताया कि कमलेश बुधवार सुबह 10 बजे घर से मनोहरपुर अपनी मौसी के घर जाने की बात कहकर निकला था। भाई पंकज ने सिर से खून निकलता देखकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। एसओ अतुल तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मृतक अविवाहित होने के साथ पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था।