नवाबगंज। लखनऊ कानपुर हाईवे पर सोहरामऊ थानाक्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बीघापुर निवासी नितिन बाजपेई अपने पिता रत्नेश बाजपेई व माता पुष्पा सहित रिश्तेदार सुरेश तिवारी और उनकी पत्नी शोभा के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे। सोहरामऊ थानाक्षेत्र के राजमार्ग पर स्थित एक ढाबे के सामने कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे सभी कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। इलाज करने वाले डाक्टर शैलेंद्र ने बताया कि नितिन को हल्की चोटें आई हैं। जबकि उनके माता, पिता व दोनों रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हैं। चारों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।