कानपुर स्थित आर्डनेंस पैराशूट फैक्टरी के परीक्षक की लखनऊ-कानपुर हाईवे पर हुसैन नगर के निकट कार में हालत बिगड़ गई। कार में मौजूद महिला परीक्षक को हाईवे स्थित एक नर्सिंग होम लेकर पहुंची। जहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षक को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान साथी महिला शव छोड़ भाग निकली।
कानपुर के दुर्गा बिहार कालोनी नौबस्ता निवासी दुर्गाशंकर (50) पुत्र रामपाल आर्डनेंस पैराशूट फैक्टरी में परीक्षक के पद पर तैनात थे। बुधवार दोपहर वह एक महिला के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे। हाईवे पर उनकी कार में हालत बिगड़ गई। इस पर महिला ने हुसैन नगर मोड़ से एक युवक से मदद मांगी व दुर्गाशंकर को गदनखेड़ा स्थित एक अस्पताल लेकर पहुंची। यहां डॉक्टर प्रदीप ने हालत गंभीर देख दुर्गाशंकर को जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
हालांकि कार चलाने वाला कोई साथी न होने पर महिला ने डा. प्रदीप से मदद मांगी। जिस पर वह उसे लेकर जिला अस्पताल आए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने दुर्गाशंकर को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान महिला अस्पताल से भाग निकली। डा. प्रदीप ने बताया कि महिला ने उसके ही मोबाइल से दुर्गाशंकर के परिजनों को घटना की सूचना भी दी थी। उसने बताया था कि वह एक फ्लैट की रजिस्ट्री कराने लखनऊ जा रही थी। बुधवार देर रात अस्पताल पहुंची पत्नी बबली ने बताया कि पति घर से आफिस जाने की बात कहकर निकले थे। सदर कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने अभी कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही उन्होंने कोई तहरीर दी है।