उन्नाव। सावन माह के अंतिम दिन शिवालयों में हर-हर महादेव का जयघोष गुंजायमान होता रहा। भारी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। ऊं नम: शिवाय का जाप किया। भोर पहर से भक्तों की भारी भीड़ शिव मंदिरों में पहुंच गई।
सावन माह का आखिरी सोमवार होने से मगरवारा के गोकुलबाबा, शहर के सिद्धनाथ व झंडेश्वर महादेव मंदिर में भारी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर शिव का जलाभिषेक कर आराधना की। शिवलिंग पर फल, फूल, बेलपत्र चढ़ाए। दही, घी, पंचमेवा से शिव का रुद्राभिषेक किया। सुबह चार बजे से ही भक्तों का मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गया और देर शाम तक कतारें लगी रहीं।
बांगरमऊ के बाबा बोधेश्वर महादेव धाम में श्रद्धालुओं ने बम-बम भोले के जयकारे के साथ दुग्ध, गंगा जल, बेलपत्र और पुष्प से पवित्र पंचमुखी शिवलिंग का पूजन किया। इस मौके पर मंदिर प्रांगण में विशाल मेला भी लगा। मंदिर समिति द्वारा सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाता रहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही।
इसी प्रकार सिद्धनाथ, ललितेश्वर, जंगलेश्वर, श्रीदुर्गेश्वर, आनंदेश्वर, सिद्धेश्वर, पंचेश्वर, भैरवानंद एवं रस्तोगी शिवाला सहित सभी शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। सपा युवा नेता इमरान सिद्दीकी ने बाबा बोधेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण के नजदीक श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया।
कल्याणी मंदिर में बारह ज्योतिर्लिंग का हुआ रुद्राभिषेक
उन्नाव। कल्याणी देवी मंदिर प्रांगण मे स्थापित द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में शुक्ल पक्ष के अंतिम व चौथे सोमवार को आचार्य जुगल किशोर तिवारी के निर्देशन में बाबा सोमनाथ, मलिकार्जुन, महाकाल, ओमकारेश्वर, वैद्यनाथ, विश्वनाथ, भीमाशंकर, रामेश्वर, नागेश्वर, त्रियंबकेश्वर, केदारनाथ, और घृष्णेश्वर महादेव का भव्य शृंगार व रुद्राभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर सेवा समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष पीके मिश्रा,पंकज अवस्थी, सीता सिंह, जितेंद्र सिंह, रेनू गुप्ता, ईशान गुप्ता, बिंदु देवी व अन्य मौजूद रहे। (संवाद)