सफीपुर (उन्नाव)। बसपा सरकार में मंत्री रहे इंद्रजीत सरोज ने सेक्टर, बूथ पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि प्रदेश में सपा सरकार बनने से पूर्व किए गए वादों को ताक पर रखकर मात्र चार जनपदों को चमकाया जा रहा है। मंत्री व विधायक बेलगाम हो गए हैं। पत्रकारों और परिवहन अधिकारियों को पीट रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार को भी आड़े हाथ लिया।
उन्नाव-हरदोई मार्ग पर स्थित एक गेस्ट हाउस में विधानसभा क्षेत्र के 34 सेक्टरों से आए 337 पदाधिकारियों, कार्यकर्ता व ग्राम प्रधानों के बीच पूर्व मंत्री इंद्रजीत सरोज ने कहा कि प्रदेश के चार जनपदों इटावा, कन्नौज, मैनपुरी व एटा से 37000 लोग पुलिस विभाग में भर्ती हुए।
बाकी प्रदेश क्या योग्य व्यक्ति नहीं थे। उन्होंने कहा की कन्याधन, बेरोजगारी भत्ता, लैपटाप व किसान ऋण का लॉलीपाप देकर वोट तो हासिल कर लिए, लेकिन वादों को पूरा नहीं किया जा रहा है। इसी के सापेक्ष बसपा सुप्रीमो ने मात्र समाज सेवा को अपना उद्देश्य बनाया था।
अंबेडकर गांव में ईमानदारी से विकास हुआ। प्रशासन पर लगाम कसी गई। इससे पूर्व सभा प्रभारी रामबरन कुुरील, राधेलाल रावत, इरशाद खां, कमलेश भारती, प्रदीप पासी, सुरेश पाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर रत्नेश गौड़, रामसेवक पाल, पप्पू, बउआ यादव, नवाब आलम व शमशाद आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।