सफीपुर। आसीवन थानाक्षेत्र में 17 दिन पहले ट्रक चालक से हुई लूट की घटना में पुलिस ने एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है। फरार तीन लुटेरों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
लखीमपुर खीरी जिले के मैलानी थानाक्षेत्र के गांव कोठीपुर बांकेगंज निवासी रवि ने 17 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि उन्नाव-संडीला मार्ग पर आसीवन थानाक्षेत्र के कस्बा रसूलाबाद के एक पेट्रोल पंप के पास वह ट्रक खड़ा कर सो गया था। तभी कार सवार चार लुटेरों ने उसका मोबाइल और नौ हजार रुपये लूट लिए थे। सीओ अरविंद कुमार ने जांच की थी। लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस ने सीसीटीवी की मदद ली और लुटेरों की पहचान की।
मंगलवार को चौकी प्रभारी रसूलाबाद महेंद्र सिंह ने उन्नाव-चकलवंशी मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान इनोवा कार सवार को रोका। गाड़ी के कागज न मिलने पर पुलिस ने चालक से आसीवन थाने में कड़ाई से पूछताछ की। उसने अपना नाम अभिमन्यु सिंह उर्फ मुन्ना निवासी 72/3 सदानंद नगर थाना चकेरी कानपुर नगर बताया। युवक ने ट्रक चालक से लूट की घटना स्वीकार की। उसके पास से 1500 रुपये मिले हैं। कार का रजिस्ट्रेशन पेपर न मिलने पर उसे सीज कर दिया गया। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर कानपुर, उन्नाव और जालौन में कई मामले दर्ज हैं। उसे जेल भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।